रांचीः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत टोटो प्रखंड में आयोजित एक कार्यक्रम में सेरेंगसिया के शहीदों को नमन किया. इसके साथ ही करोड़ों की परियोजनाओं का शिलान्यास- उद्घाटन किया और बड़े पैमाने पर लाभुकों के बीच परिसंपत्तियां बांटी.
हेमंत सोरेन ने कहा, “आज का दिन हम सभी के लिए काफी महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक है. हर वर्ष की भांति इस बार भी शूरवीरों की धरती – सेरेंगसिया में अपने अमर वीर शहीदों को नमन और श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए एकत्रित हुए हैं. यह दिन हमें अपने वीरों के बलिदान की गाथा को याद दिलाता है. इस अवसर पर हम सभी अपने अमर वीर शहीदों के आदर्श और सपनों को पूरा करने का संकल्प लें.”
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 398 करोड़ 19 लाख 35 हज़ार 298 रुपए की लागत से 197 विकास योजनाओं का उद्घाटन- शिलान्यास किया. इसमें 224 करोड़ 78 लाख की लागत से 122 योजनाओं का शिलान्यास एवं 173 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से 75 महत्वाकांक्षी योजनाओं का उद्घाटन शामिल है.
इसके साथ विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं के 3 लाख 77 हजार 256 लाभार्थियों के बीच 637 करोड़ रुपये की परिसंपत्तियां बांटी. इसके अलावा 1479 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किया.
मुख्यमंत्री ने कहा “हमारी सरकार हेडक्वार्टर से नहीं, गांवों से चल रही है. सरकार और उसकी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही है. लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है. हमारी सरकार की नीतियों और योजनाओं का सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहा है. झारखंड विकास के हर मोर्चे पर तेज गति से आगे बढ़ रहा है.”
इस अवसर पर मंत्री दीपक बिरुवा, सांसद जोबा मांझी, विधायक निरल पूर्ति, दशरथ गागरई, सुखराम उरांव, सोनाराम सिंकू, सविता महतो, समीर मोहंती, संजीव सरदार, जगत मांझी, सोमेश चंद्र सोरेन, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरीन समेत कई अधिकारी मौजूद थे.
