भारतीय तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा है कि देश में पेट्रोल या डीज़ल की ‘कोई कमी नहीं’ है.
कंपनी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर पेट्रोल या डीज़ल की कमी से जुड़ी फैल रहीं अफ़वाहों पर भरोसा न करें और उन्हें आगे न बढ़ाएं.
तेल कंपनी ने कहा, “ऑनलाइन फैल रही अफ़वाहें बेवजह चिंता पैदा कर सकती हैं और सामान्य आपूर्ति व्यवस्था को बाधित कर सकती हैं. इंडियन ऑयल के आउटलेट पूरी तरह भरे हुए हैं और सामान्य रूप से काम कर रहे हैं. हम नागरिकों से अपील करते हैं कि घबराकर ख़रीदारी न करें और केवल पुष्ट जानकारी पर ही भरोसा करें.”
इससे पहले मंगलवार रात हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने भी एक बयान जारी कर लोगों से ऐसी ही अपील की थी.
हिन्दुस्तान पेट्रोलियम ने भी कहा कि ‘देशभर में पेट्रोल, डीज़ल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है. ईंधन की आपूर्ति सामान्य है और पर्याप्त भंडार उपलब्ध हैं’.
भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें.
भारत पेट्रोलियम ने यह भी बताया कि भारत पेट्रोल और डीजल का नेट एक्सपोर्टर है और कच्चे तेल, पेट्रोल, डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) के पर्याप्त भंडार मौजूद हैं.
