जमशेदपुर: जमशेदपुर पुलिस ने उद्योगपति देवांग गांधी के पुत्र, युवा कारोबारी कैरव गांधी के अपहरणकांड की गुत्थी हद तक सुलझा ली है. शुक्रवार को पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है. वे सभी बिहार के अलग- अलग जगहों के रहने वाले हैं. इस गिरोह के तार जमशेदपुर से भी जुड़े हैं.
जमशेदपुर के एसएसपी पीयुष पांडेय ने मीडिया से बातचीत में बताया कि अपहरण के इस मामले में
नालंदा बिहार के रहने वाले गुड्डू सिंह, मो इमरान, रमीज़ राजा और गयाजी से उपेंद्र सिंह, अर्जुन सिंह तथा पटना के मोहन कुमार को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस की टीम ने इस मामले में अपहरण में इस्तेमाल की गयी स्कॉर्पियो गाड़ी समेत कई हथियार को भी जब्त कर लिया है.
उन्होंने बताया कि इस कांड में गिरफ्तार किए गए तीन अपराधियों को जब हथियार की बरामदगी के लिए ले जाया जा रहा था, उसी दौरान उन्होंने पुलिस से कार्बाइन छीनकर फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जिसमें वे तीनों घायल हो गए. फिलहाल उनका इलाज चल रहा है.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अपहरण के इस मामले में जमशेदपुर से भी तार जुड़े हुए हैं. जिसके तहत गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है. गयाजी के एक पूर्व उग्रवाद प्रभावित सुदूर इलाके में कैरव गांधी को रखा गया था. इस घटना के बाद पुलिस की अलग- अलग लगातार टीम तफ्तीश में जुटी थी. 27 जनवरी को कैरव गांधी को मुक्त करवाया गया. इसके बाद उन्हें परिवार वालों को सौंप दिया गया है. 13 जनवरी को जमशेदपुर से कैरव का रहस्यमयी तरीके से अपहरण कर लिया गया था.
