जामताड़ा: झारखंड में जामताड़ा पुलिस को करमाटांड़ थाना क्षेत्र में अपहृत दो युवकों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है. इसी सिलसिले में घटना में शामिल पांच अपहरणकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस ने अपहरणकर्ताओं द्वारा घटना में इस्तेमाल की गई एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, एक बोलेरो गाड़ी और एक मोबाइल फोन बरामद किया है.
जामताड़ा के एसपी राजकुमार मेहता ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया है कि अपहरण के दो मामलों का खुलासा कर लिया गया है. इन घटनाओं की जांच और कार्रवाई के लिए एक एसआईटी गठित की गई थी.
पुलिस अधिकारी ने बताया है कि 31 अक्टूबर को करमाटांड़ थाना क्षेत्र से अपहरणकर्ताओं ने फिरौती की मांग करते हुए दो युवकों का अपहरण कर लिया था. अपहरणकर्ता परिवार के सदस्यों से 50 लाख रुपये की फिरौती मांग रहे थे और फिरौती न मिलने पर जान से मारने की धमकी भी दे रहे थे. इस बाबत 3 नवंबर को करमाटांड़ थाने में दो मामले दर्ज किए गए थे.
जिन पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है उनमें आजाद अंसारी, श्री अंसारी, समद अंसारी, शिवलाल मरांडी और अब्दुल हबीब शामिल हैं. आजाद अंसारी देवघर जिले के मार्गो मुंडा और श्री अंसारी गिरिडीह जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.
एसपी ने बताया है कि अपराधियों के गिरोह में 16 लोग शामिल थे. बाकी लोगों की भी पहचान कर ली गई है. उन्होंने बताया कि उनका मुख्य काम फिरौती के लिए अपहरण और हत्या करना है. फिलहाल, जामताड़ा पुलिस ने सभी गिरफ्तार अपहरणकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जामताड़ा जेल भेज दिया है.
