रामगढ़ः झारखंड के रामगढ़ जिले में जेईई-मेंस 2026 की परीक्षा के लिए बनाए गए राधा गोविंद विश्वविद्यालय परीक्षा केंद्र पर सेटिंग करने वाले एक रैकेट का खुलासा हुआ है. परीक्षा में गड़बड़ी की साजिश रचने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें विश्वविद्यालय का एक टेक्नीशियन भी शामिल है.
जांच में सामने आया कि दो से आठ अप्रैल तक चलने वाली इस परीक्षा में चुनिंदा अभ्यर्थियों को पास करने के लिए कंप्यूटर सिस्टम बदले जा रहे थे. मौके से 70 मानिटर, तीन राउटर, एक सीपीयू, चार मोबाइल और एक वाहन जब्त किया गया है.
विश्वविद्यालय के कुलसचिव निर्मल कुमार मंडल के बयान पर विश्वविद्यालय के कर्मचारी (टेक्नीशियन) दिनेश कुमार महतो, शाकिर अंसारी, दिनेश कुमार महतो को गिरफ्तार किया गया है. एक दिनेश कुमार महतो कोठार रामगढ़ का जबकि दूसरा दिनेश कुमार महतो, ओरमाझी रांची का रहने वाला है.
पूछताछ में आरोपितों ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की परीक्षा में सेटिंग कराने वाला एक बड़े नेटवर्क की सक्रियता के बारे में पुलिस को जानकारी दी है. इस नेटवर्क में कई राज्यों के लोग शामिल हैं.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अन्य आरोपितों की तलाश तेज कर दी है. दूसरी तरफ प्रशासन ने जांच कमेटी गठित की है.
वहीं, रामगढ़ थाने में बिहार के सारण जिला अंतर्गत मकेर थाना क्षेत्र के भाथा गांव निवासी सूरज कुमार सिंह, सहित टाटा कंसलटेंसी सर्विस (टीसीएस) के कर्मचारी राजेश ठाकुर, रविशंकर व छपरा बिहार के काकू व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
