धनबादः झरिया के धर्मनगर इलाके में अचानक जमीन धंसने और घरों में दरारें पड़ने से लोगों में दहशत है.
चौथाई कुल्ही स्थित धनबाद–सिंदरी मुख्य मार्ग के पास हुई इस घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई. कई परिवारों के लोग घरों से बाहर निकल गए.
घटना की जानकारी मिलते ही झरिया की विधायक रागिनी सिंह, मेयर संजीव सिंह, झरिया के अंचल अधिकारी और बीसीसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे. सभी ने प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया और लोगों से बातचीत कर उनकी परेशानियों को समझा.
स्थानीय लोगों ने बताया कि शुरुआत में जमीन पर हल्की दरार दिखाई पड़ी. कुछ देर में वह तेजी से फैलने लगी. देखते ही देखते घरों की दीवारों पर दरार पड़ने लगे.
निरीक्षण के दौरान लोगों ने बीसीसीएल प्रबंधन से तत्काल कदम उठाने की मांग की. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि प्रभावित परिवारों को अस्थायी रूप से बेलगड़िया में शिफ्ट किया जाएगा, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
मेयर संजीव सिंह ने बताया कि यह इलाका पूर्व में खनन क्षेत्र रहा है और यहां दशकों से लोग रह रहे हैं. जमीन के भीतर खालीपन होने के कारण इस तरह की घटनाएं दोबारा हो सकती हैं, इसलिए लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाना जरूरी है.
