रांचीः झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्र ने रांची के टीटॉस रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग और एक वेटर की मौत की घटना को गंभीरता से लिया है. इस घटना को लेकर सोमवार को उन्होंने एक उच्च स्तरीय बैठक कर पुलिस अफसरों को सख्त निर्देश दिए.
इस बैठक में पुलिस महानिदेशक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए. इसके लिए तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर विशेष टीम गठित कर लगातार छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए.
डीजीपी ने आम नागरिकों को भरोसा दिलाया है कि राज्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस बैठक में महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक के अतिरिक्त रांची के आईजी मनोज कौशिक, अपर एसएसपी राकेश रंजन, एटीएस एसपी ऋषभ कुमार झा, सिटी एसपी पारस राणा, पुलिस अधीक्षक एंव थाना प्रभारी एयरपोर्ट रांची मौजूद रहे.
गौरतलब है कि झारखंड की राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट टीटॉस में शनिवार की रात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें एक वेटर की मौत हो गई है.
यह घटना रंगदारी से जुड़ी बताई जा रही है. पुलिस तफ्तीश में जुटी है. रेस्टोरेंट के संचालक और कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई है.
