रांचीः झारखंड सरकार की तरफ से महाधिवक्ता राजीव रंजन ने हाइकोर्ट को जानकारी दी है कि सात अप्रैल तक लोकायुक्त और सूचना आयुक्तों की नियुक्ति की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी.
हाई कोर के चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की अदालत में राज्य में लोकायुक्त और सूचना आयुक्तों की नियुक्ति की मांग को लेकर दाखिल जनहित याचिका पर बुधवार को सुनवाई हुई.
सुनवाई के दौरान महाधिवक्ता राजीव रंजन ने अदालत को बताया कि इसको लेकर चयन समिति की बैठक हो गई है.
इसके बाद अदालत ने मामले की सुनवाई 13 अप्रैल को निर्धारित की.
महाधिवक्ता ने अदालत को बताया कि मुख्यमंत्री अभी राज्य के बाहर हैं. चयन समिति के निर्णय से अदालत को जल्द ही अवगत करा दिया जाएगा.
सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि सूचना आयुक्तों की नियुक्ति के लिए 25 मार्च को चयन समिति की बैठक हुई थी. इसमें समिति के सभी सदस्य शामिल हुए थे.
चयन समिति का निर्णय जल्द ही आ जाएगा. संभावना जताई जा रही है कि सात अप्रैल तक इसकी अधिसूचना जारी कर दी जाएगी. पिछली सुनवाई के दौरान अदालत ने मार्च अंतिम सप्ताह तक लोकायुक्त की नियुक्ति करने का निर्देश दिया था.
