धनबाद: धनबाद में रिंग रोड निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण और मुआवजे से जुड़े मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने कम से कम 17 लोगों को हिरासत में लिया है. इनमें कुछ सरकारी अधिकारी, कर्मचारी भी है.
इससे पहले एसीबी की अलग-अलग टीम ने धनबाद समेत अन्य जिलों में एक साथ छापेमारी की है. खबरों के मुताबिक धनबाद के अलावा रांची, दुमका, गिरिडीह और देवघर में छापेमारी की गई.
छापे और हिरासत के बाबत अभी आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी गई है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है. जानकारी के मुताबिक पूछताछ के बाद एसीबी ने कई लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है.
उल्लेखनीय है कि धनबाद में रिंग रोड निर्माण के लिए रैयतों की जमीन अधिग्रहित की गई थी. लेकिन मुआवजे के भुगतान में बड़े पैमाने गड़बड़ियां की गई.
वर्ष 2014 में मामला उजागर होने के बाद राज्य सरकार ने इसकी जांच पहले निगरानी ब्यूरो से कराई। इसके बाद एसीबी को जांच की जिम्मेदारी दी गई. गड़बड़ी को लेकर तत्कालीन जिला भू-अर्जन पदाधिकारी उदयकांत पाठक, लाल मोहन नायक सहित कई अन्य अधिकारियों को निलंबित किया गया था.
