रांचीः झारखंड दौरे पर आए ऑस्ट्रेलिया के हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन ओ ए एम से मंगलवार को झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मुलाकात कर राज्य में पशुपालन विकास की संभावनाओं पर चर्चा की. इसके साथ ही सहयोग की अपेक्षा की.
इस बैठक में हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन की टीम में शामिल अधिकारी के साथ झारखंड सरकार में कृषि, पशुपालन विभाग के सचिव समेत अन्य अधिकारी शामिल थे.
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा है कि झारखंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच भविष्य की संभावनाओं को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई. झारखंड राज्य को पशुपालन के क्षेत्र में नई तकनीक का कैसे लाभ मिले, इस विषय पर झारखंड ने अपना पक्ष रखा है. ऑस्ट्रेलिया की टीम ने झारखंड के आदिवासी बहुल इलाकों का दौरा भी किया है.
ऑस्ट्रेलिया हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन ओ ए एम ने कहा कि झारखंड के दौरे से वो उत्साहित हैं. अलग-अलग क्षेत्रों में यहां विकास की असीम संभावनाएं हैं. यहां के लोग मेहनती और अच्छे हैं.
उन्होंने कहा है कि कोयला खनन, आदिवासी समाज और कृषि के साथ पशुपालन क्षेत्र की जानकारी संग्रह किया है. भविष्य में इसको लेकर सरकार के सहयोग से कदम बढ़ाया जाएगा.
