रांचीः झारखंड में पूर्वी सिंहभूम में बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के पानीपड़ा स्थित स्वर्णरेखा नदी किनारे मिले एक शक्तिशाली बम को डिफ्यूज करने के लिए सेना की टीम पहुंची है.
रांची के सांसद और रक्षा राज्य मंत्री संजय़ सेठ ने बताया है कि स्वर्णरेखा नदी के किनारे मिले 227 किलो के जिंदा बम को डिफ्यूज करने के लिए सेना ने जिम्मेदारी उठायी है.
जमशेदपुर के एसएसपी के अनुरोध पर भारतीय सेना की आठ अधिकारियों के साथ तकनीकी टीम बहरागोड़ा (जमशेदपुर) पहुंची है.
केंद्रीय मंत्री ने कहा है, मैं जिला प्रशासन और सेना की टीम के साथ लगातार संपर्क में हूं. स्थानीय पुलिस द्वारा क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया है. ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है. भारतीय सेना इसे डिफ्यूज करने की तैयारी कर रही है.
जानकारी के मुताबिक बम की संवेदनशीलता को देखते हुए विशेषज्ञों के द्वारा ड्रोन के माध्यम से पूरे इलाके की निगरानी की जा रही है तथा स्थिति का आकलन किया जा रहा है. सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर उसे सील कर दिया है.
पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी भी उस जगह पर पहुंचे हैं, जहां बम रखा पड़ा है. एक अधिकारी ने बताया है कि सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आसपास के क्षेत्र को खाली कराया जा सकता है.
विशेषज्ञ टीम की देखरेख में बम को नियंत्रित विस्फोट (ब्लास्ट) कर निष्क्रिय किया जाएगा.
