रांचीः झारखंड विधानसभा का शीतकालीन शत्र शुक्रवार से शुरू हुआ. पहले दिन शोकप्रकाश से पहले संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने पिछले मानसून सत्र की अवधि में आश्वासनों पर कृत कार्रवाई प्रतिवेदन (एटीआऱ) सभा पटल पर रखा. कार्यवाही के बाद कार्यमंत्रणा समिति की बैठक हुई, जिसमें सोमवार 8 दिसंबर को राज्य की कानून व्यवस्था पर विशेष चर्चा कराने का निर्णय लिया गया.
इससे पहले स्पीकर ने सत्र के संचालन को लेकर सभापति मनोनीत किया. साथ ही कार्यमंत्रणा समिति का गठन किया.
विधानसभाध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने कहा है कि आठ दिसंबर को पहल् से निर्धारित सदन की कार्यवाही के अतिरिक्त एक घंटे का समय तय किया गया है. इस समय में कानून व्यवस्था पर चर्चा होगी.
उन्होंने कहा कि कार्यमंत्रणा की बैठक में विपक्ष के द्वारा सदन में सवालों का जवाब सही तरीके से और समय पर देने का आग्रह किया गया है. संसदीय कार्य मंत्री ने ने इस बाबत अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं.
बैठक में स्पीकर रबींद्रनाथ महतो के अलावे सदन के नेता और राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर आदि मौजूद थे.
शीतकालीन सत्र को लेकर जहां सत्ता पक्ष ने विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने की रणनीति तय की है. गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सत्तारूढ़ दलों के विधायकों और सरकार के मंत्रियों के साथ बैठक की थी. विपक्ष 7 दिसंबर यानी रविवार को बैठक कर सदन में उठाये जाने वाले मुद्दे और सवालों पर चर्चा करेगी.
झारखंड विधानसभा का यह शीतकालीन सत्र 11 दिसंबर तक चलेगा. पहले दिन औपचारिकता पूरी करने के बाद सदन के अंदर दिवंगत नेता एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों को श्रद्धांजलि देने के बाद सोमवार तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई है. सोमवार को सुबह 11 बजे से सदन की कार्यवाही शुरू होगी जिसमें सरकार के द्वारा चालू वित्तीय वर्ष का द्वितीय अनुपूरक बजट सदन के पटल पर रखा जाएगा.
