रांचीः झारखंड बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने आरोप लगाया है कि हेमंत सोरेन सरकार के गृह विभाग में टेंडर घोटाला किया जा रहा है. टेंडर के इस खेल में एक खास सिंडिकेट हावी है.
पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रवक्ता ने कहा कि पिछले पाँच वर्षों से गृह विभाग में बड़े पैमाने पर टेंडर घोटाले हो रहे हैं और सरकार ने एक संगठित सिंडिकेट को पनपने का खुला मौका दिया है.
अजय ने कहा कि GeM (Government e-Marketplace) के नियमों के अनुसार एक ही व्यक्ति दो अलग-अलग फर्म बनाकर टेंडर में हिस्सा नहीं ले सकता. यह स्पष्ट रूप से नियमों का उल्लंघन और एक अपराध है. लेकिन जो विभाग पूरे राज्य की निगरानी करता है, उसी में यह घोटाला हो रहा है और पकड़ में नहीं आ रहा.
उन्होंने आरोप लगाया कि टेंडर GEM/2022/B/2498791 सहित कई मामलों में तीन ही कंपनियों को टेंडर दिए जा रहे हैं — कोलकाता की जेसी माइकल, पटना की अरिहंत कॉर्पोरेशन और दिल्ली की लाइफलाइन सिक्योरिटी. इन तीनों कंपनियों के डायरेक्टर या पार्टनर आपस में जुड़े हुए हैं.
बीजेपी प्रवक्ता ने इस पूरे मामले की जाँच सीबीआई या अदालत की निगरानी में कराये जाने की मांग की है.
