रांचीः झारखंड प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि पार्टी जनजाति समाज के सर्वांगीण विकास करने के साथ उनके सम्मान ,गौरव को बढ़ाने केलिए संकल्पित और समर्पित है.
पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि 15 नवंबर झारखंड के लिए ऐतिहासिक दिन है. साल 2000 में इसी तारीख को अलग राज्य का गठन हुआ था. इसी दिन बिरसा जयंती भी है.
उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस,भगवान बिरसा जयंती, राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस के स्वर्णिम संयोग पर पार्टी कई कार्यक्रमों का आयोजन करेगी.
उन्होंने कहा कि जनजाति गौरव दिवस केवल जनजाति समाज का ही सम्मान नहीं बल्कि झारखंड के साढ़े तीन करोड़ जनता का सम्मान है.
मरांडी ने कहा, भाजपा की सरकार ने ही श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में अलग झारखंड राज्य का सपना साकार किया था. अलग राज्य गठन की तिथि भी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को ही निर्धारित किया गया. इससे स्पष्ट है कि भाजपा की सरकार झारखंड के अमर बलिदानी महापुरुषों ,योद्धाओं की सोच के अनुरूप झारखंड राज्य का विकास चाहती है. जल ,जंगल,जमीन की सुरक्षा,भाषा संस्कृति,परंपरा का सम्मान चाहती है.
उन्होंने कहा कि अटल जी की सरकार ने ही केंद्र में अलग आदिवासी मंत्रालय बनाए. संथाली भाषा को भारतीय संविधान की 8वीं अनुसूची में शामिल किया. वर्तमान में नरेंद्र मोदी की सरकार आदिवासी समाज के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है.
