रांचीः झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए विधानसभा में अलग- अलग विभागों में शामिल की गई कई महत्वपूर्ण योजनाओं की भी जानकारी दी है.
उन्होंने बताया है कि कैंसर रोग की रोकथाम के लिए झारखंड के सभी पांच सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पेट और सीटी स्कैन मशीन का अधिष्ठापन किया जाएगा. जबकि प्रारंभिक अवस्था में ही ब्रेस्ट कैंसर रोग की पहचान कर लिए जाने के उद्देश्य से राज्य के सभी 24 जिला सदर अस्पताल में मैमोग्राफी मशीन स्थापित की जाएगी. सभी मेडिकल कॉलेज में कैथलैब की स्थापना की जाएगी.
उन्होंने कहा कि राज्य में महिला किसान खुशी योजना प्रारंभ की गई है जिसके अंतर्गत महिला किसानों को इंटीग्रेटेड फार्मिंग से जोड़कर अद्यतन तकनीक की मदद उपबल्ध कराई जाएगी. वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 25 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है.
झारखंड के सभी राजकीय पॉलिटेक्निक को आईआईटी एवं एआईटी की तर्ज पर झारखंड इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी- एचआईटी के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव है.
चतरा जिला मुख्यालय में डॉक्टर भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी.
राज्य में 750 अबुआ दवाखाना खोले जाने का लक्ष्य है. इसके माध्यम से लोगों को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवा उपलब्ध कराई जाएगी.
विभिन्न औद्योगिक नीतियों के तहत वित्तीय वर्ष 26-27 में 20 हजार करोड़ का निवेश लाया जाएगा, जिससे राज्य के लगभग 15000 लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है.
नेतरहाट में कोयल व्यू प्वाइंट पर ग्लास वॉच टावर का निर्माण एवं मैगनोलिया पॉइंट में स्काई वॉक का निर्माण कराया जाएगा.
पतरातू में स्काईवॉक एवं पतरातू जलाशय में सोलर बोट तथा फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का अधिष्ठापन किया जाएगा.
इसी तरह पेरवाघाघ जलप्रपात एवं पांडु पुडिंग पिकनिक स्थल को एक पर्यटन सर्किट के तौर पर विकसित किया जाएगा.
