रांचीः झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में ओबीसी छात्रों के छात्रवृत्ति लंबित रहने का मामला लगातार गूंज रहा है. गुरुवार को डुमरी से विधायक जयराम कुमार महतो ने सदन में इसी सवाल पर सरकार को घेरा.
उन्होंने ओबीसी छात्रवृत्ति के लंबित रहने पर पूछा कि सरकार छात्रों को समय पर छात्रवृत्ति देगी या नहीं. अगर नहीं दे सकते, तो ब्याज मुक्त ऋण ही मुहैया कराएं.
जेएलकेएम विधायक के सवाल के जवाब में मंत्री चमरा लिंडा ने कहा कि केंद्र सरकार ने छात्रवृत्ति के लिए पैसा नहीं दिया है. केंद्र से सरकार ने पैसे की मांग की है, लेकिन पैसा आएगा या नहीं विभाग इस पर असमंजस में है.
मंत्री ने कहा कि छात्रवृत्ति का पैसा तब तक जारी नहीं किया जा सकता जब तक केंद्र के हिस्से की राशि नहीं आ जाती. उन्होंने कहा कि ओबीसी छात्रों की छात्रवृत्ति दी जाएगी लेकिन इसके लिए कुछ नियमों और प्रक्रियाओं को पूरी करना आवश्यक है. इसके बाद ही सभी पात्र छात्रों को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जा सकेगी.
विधायक जयराम महतो ने मंत्री से कहा कि जब तक छात्रों को छात्रवृत्ति नहीं दी जा रही है तब तक उनके लिए ब्याज मुक्त ऋण की व्यवस्था की जाए. जब छात्रवृत्ति का पैसा आ जाएगा तो उसे आप पैसा काट लीजिएगा.
विधायक ने कहा कि 5 करोड़ का विधायक फंड देने के बजाय उन पैसे से छात्रों का भविष्य बनाएं. उन्होंने कहा कि 5 साल विधायक निधि नहीं मिलेगा तो फर्क नहीं पड़ेगा, लेकिन अगर 5 साल तक बच्चे नहीं पढ़ेंगे तो इसका असर राज्य पर पड़ेगा.
ब्याज मुक्त ऋण पर मंत्री में कहा कि समस्या का समाधान करने की कोशिश की जा रही है और सरकार इसे जल्द निपटाएगी.
गौरतलब है कि बुधवार को रामगढ़ से कांग्रेस की विधायक ममता देवी ने शून्यकाल में यह मामला उठाया था. उन्होंने सरकार से मांग की थी कि छात्रवृत्ति का भुगतान जल्द किया जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारू रुप से हो सके.
