रांची: वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए झारखंड का बजट मंगलवार, 24 फरवरी को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर पेश करेंगे. बजट को लेकर सरकारी स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पहले ही संकेत दिए हैं कि अगले वित्तीय वर्ष का बजट एक लाख साठ हजार करोड़ का हो सकता है. हालांकि आधिकारिक जानकारी के मुताबिक यह राशि मामूली तौर पर आगे- पीछे भी हो सकती है. देखा जाना है कि इस बार योजना मद और स्थापना मद में कितनी राशि का प्रावधान किया जाता है.
संकेत मिले हैं कि इस बार भी महिला बाल कल्याण, ग्रामीण विकास विभाग, कृषि, जनजातीय कल्याण के लिए अधिक बजट का प्रावधान किया जा सकता है.
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए सरकार ने 1 लाख 45 हजार 400 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया था. इसमें व्यय में 63 और स्थापना में 37 प्रतिशत राशि का प्रावधान किया गया था.
इनमें सबसे ज्यादा मईंया सम्मान योजना के लिए 13,363 करोड़ का प्रावधान किया था. इस योजना के तहत साल के दिसंबर से 51 लाख महिलाओं के खाते में ढाई हजार रुपये भेजे जा रहे हैं.
गौरतलब है कि शनिवार को आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश करते हुए वित्त मंत्री ने सदन में बताया है कि राज्य की GDP 2011-12 के मुकाबले 2024-25 में दोगुनी हो गई है.
रिपोर्ट में बताया गया है कि झारखंड स्थिर कीमतों पर GSDP वित्तीय वर्ष 2011-12 में 1,50,918 करोड़ रुपये थी, जो बढ़ाकर 3,03,178 करोड़ रुपये हो गई. विकास दर भी 7.2 प्रतिशत है.
वर्तमान मूल्यों पर प्रति व्यक्ति आय पहली बार एक लाख रुपये के आंकड़े को पार कर 1,16,663 रुपये तक पहुंच गई है. वास्तविक प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 68,357 रुपये हो गई, जो 2011-12 के स्तर से 65.7 प्रतिशत की वृद्धि है.
राज्य में गरीबी दर 42 प्रतिशत से घटकर 28 प्रतिशत हो गया है.
