रांचीः ईद, सरहुल और रामनवमी के दौरान विधि एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हेमंत सोरेन ने आला अफसरों के साथ बैठक की.
इसके साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उन्होंने सभी जिलों के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षकों से सुरक्षा तथा बिजली, पानी, साफ-सफाई आदि जरूरतों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी ली.
इसके साथ ही सीएम ने अफसरों को आवश्यक निर्देश दिए. संवेदनशील इलाकों में मैजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बलों की तैनाती, भीड़ नियंत्रण, सोशल मीडिया पर अफवाहें और दुष्प्रचार रोकने के लिए भी ठोस कदम उठाने को कहा.
मुख्यमंत्री का अधिकारियों को निर्देश दिया कि शोभा यात्रा और जुलूस के दौरान भड़काऊ और उत्तेजक गाने नहीं बजे, इसे हर हाल में सुनिश्चित करें.
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षकों से कहा कि चिन्हित किए गए संवेदनशील इलाकों तथा धार्मिक स्थलों के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए. यहां किसी भी सूरत में किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि नहीं होनी चाहिए, जिससे शांति भंग होने की आशंका बने। उन्होंने जिलों को निर्देश दिया कि वे सभी समुदाय के लोगों का सहयोग जरूर लें.
साथ ही जुलूस मार्ग में सेफ जोन बनाएं, आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पूरी व्यवस्था हो.
बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह सचिव वंदना दादेल, डीजीपी तदाशा मिश्रा और अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
