रांचीः झारखंड के रांची और खूंटी में दो अलग-अलग जलप्रपातों में दो लोगों की डूबने की घटना के बाद दोनों व्यक्ति की तलाश जारी है.
रांची जिले के दशम फॉल में रविवार बिहार के मधुबनी निवासी रोशन कुमार शर्मा (37 वर्ष) डूब गये, वहीं खूंटी जिले के तपकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रसिद्ध पेरवांघाघ जलप्रपात में असम निवासी मजदूर राईबुल अली (36 वर्ष) झरने के तेज बहाव में बह गये हैं.
दोनों की देर रात तक खोजबीन जारी रही, लेकिन किसी का भी पता नहीं चल सका. रविवार दोपहर लगभग 3:30 बजे रोशन कुमार शर्मा दशम फॉल में नहाने के दौरान पैर फिसलने से गहरे पानी में डूब गये. सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने देर शाम तक खोजबीन की, लेकिन रोशन का कोई पता नहीं चला. अंधेरा बढ़ने के कारण तलाश अभियान रोकना पड़ा. पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह एनडीआरएफ की मदद से फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है.
पेरवांघाघ में बहा असम निवासी मजदूर
उधर खूंटी जिले के तपकरा थाना क्षेत्र के पेरवांघाघ जलप्रपात में सौंदर्यीकरण परियोजना में कार्यरत असम निवासी मजदूर राईबुल अली रविवार को तेज बहाव में बह गया. घटना उस समय हुई जब लंच टाइम में अन्य मजदूर भोजन कर रहे थे और राईबुल झरने के ऊंचे हिस्से की ओर चला गया. अचानक पैर फिसलने से वह नीचे बहाव में गिर पड़ा.
घटना के बाद राईबुल का एक भांजा सदमे से बेहोश हो गया, जिसे साथी मजदूरों ने संभाला. सूचना मिलते ही तपकरा थाना प्रभारी नितेश गुप्ता सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे. शाम तक पुलिस, पेरवांघाघ समिति के सदस्य, ग्रामीण और मजदूरों ने राईबुल की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली.
थाना प्रभारी ने बताया कि एनडीआरएफ की टीम को बुलाया जाएगा ताकि झरने के नीचे और आगे के हिस्से में गहन खोज की जा सके.
