रांचीः झारखंड में नशे का अवैध कारोबार और ड्रग्स तस्करी पर लगाम कसने के लिए सरकार हर जिले में स्पेशल टास्क फोर्स गठित करेगी.
प्रभारी मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने विधानसभा में यह आश्वासन दिया है. वे भाजपा विधायक रोशन लाल चौधरी के प्रश्न का जवाब दे रहे थे.
शनिवार को सदन में विधायक रोशन लाल चौधरी ने राज्य में बढ़ते ड्रग्स के अवैध व्यापार को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया.
उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में ड्रग्स का अवैध कारोबार तेजी से फैल रहा है और बड़ी संख्या में युवा इसकी चपेट में आ रहे हैं.
विधायक ने सदन में आंकड़े पेश करते हुए बताया कि वर्ष 2019 से 2023 के बीच राज्य में ड्रग्स से जुड़े 2396 मामले दर्ज किए गए हैं. यह आंकड़ा इस बात का संकेत है कि राज्य में नशे का कारोबार एक गंभीर समस्या बनता जा रहा है.
सदन में उठे सवाल का जवाब देते हुए मंत्री योगेंद्र ने कहा कि राज्य में नशाखोरी का बढ़ना वाकई चिंता का विषय है. सरकार लगातार इस दिशा में कार्रवाई कर रही है. जांच के बाद अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और कई आरोपियों को जेल भी भेजा गया है. उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2026 में अब तक ड्रग्स से जुड़े 17 मामले सामने आ चुके हैं.
टास्कफोर्स बनाने की उठी मांग
इस मुद्दे पर नवीन जायसवाल ने सुझाव दिया कि इस समस्या से निपटने के लिए हर जिले में विशेष टास्कफोर्स का गठन किया जाना चाहिए, ताकि ड्रग्स के अवैध कारोबार पर प्रभावी तरीके से रोक लगाई जा सके.
