रांचीः झारखंड प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के 21 सदस्यों का चुनाव 13-14 जनवरी को किया जायेगा. चुनाव को लेकर पार्टी में हलचल है. प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए कई नामों को लेकर अटकलें हैं, पर बीजेपी के गलियारे से सूचनाओं के मुताबिक वर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष आदित्यह साहू का प्रदेश अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है.
यह चुनाव प्रदेश भाजपा कार्यालय में कराया जायेगा. पूरी चुनाव प्रक्रिया नवनियुक्त राज्य निर्वाचन अधिकारी और केंद्रीय कैबिनेट मंत्री जुएल उरांव की निगरानी में होगी. बीजेपी आलाकमान ने उन्हें चुनाव संपन्न कराने की जिम्मेदारी सौंपी है. जुएल उरांव सोमवार को रांची पहुंच रहे हैं.
भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ प्रदीप वर्मा ने सोमवार को प्रेसवार्ता कर प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद के सदस्य गण के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की.
डॉ वर्मा ने बताया कि पिछले एक वर्ष से झारखंड में भाजपा का संगठन पर्व चल रहा है. प्राथमिक ,सक्रिय सदस्यता अभियान के साथ बूथ समिति,मंडल और जिला अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया संपन्न हुई है. अब संगठन पर्व के अंतिम चरण में आगामी 13 और 14 जनवरी को प्रदेश अध्यक्ष एवम राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों का चुनाव होगा.
उन्होंने बताया कि 14 जनवरी को 2 बजे अपराह्न हरमू रोड स्थित कार्निवाल हॉल में नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्य गण के नामों की विधिवत घोषणा होगी. यदि प्रदेश अध्यक्ष के लिए एक से अधिक नामांकन पत्र स्वीकृत होने की स्थिति में मतदान कराए जाएंगे.
सिंगल नामांकन के संकेत
वहीं, राष्ट्रीय परिषद के 21 सदस्यों के चुनाव के लिए 108 राज्य परिषद के सदस्य अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं.
बीजेपी के अंदरखाने से मिलती खबरों के मुताबिक प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आपसी सहमति पर सिंगल नामांकन कराए जा सकते हैं. संभावना प्रबल है कि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आदित्य साहू सिंगल नामांकन दाखिल करेंगे.
आदित्य साहू अभी राज्य सभा के सांसद हैं. पिछले साल तीन अक्टूबर को उन्हें पार्टी में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था. तब रवींदार राय कार्यकारी अध्यक्ष की भूमिका में थे.
आदित्य साहू पार्टी में प्रदेश महामंत्री का पद भी लंबे समय तक संभाल चुके हैं. वे संगठन के साथ चुनावों में भी अगली कतार के नेताओं की सूची में शामिल रहे हैं.
