सरायकेला : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता चंपाई सोरेन के पोते वीर सोरेन का हिमाचल प्रदेश के मनाली में बुधवार को निधन की खबर मिलने के बाद सोरेन मनाली पहुंचे हैं.
जानकारी के अनुसार मृतक वीर सोरेन को अपने पैतृक स्थान सरायकेला लाया जाएगा. 21 साल के वीर सोरेन चंपाई सोरेन के पुत्र और बीजेपी नेता बाबूलाल सोरेन के बेटे हैं. वे कुल्लू मनाली घूमने गए थे.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस घटना को लेकर कुल्लू पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने बताया कि बीते दिन मनाली थाना को अस्पताल से एक युवक की मौत की सूचना मिली थी. जांच में पता चला कि मृतक वीर सोरेन अपने कुछ साथियों के साथ पानीपत की एक यूनिवर्सिटी से मनाली घूमने आया था.
एसपी मदन लाल के अनुसार, मनाली में प्रवास के दौरान वीर की तबीयत बिगड़ गयी थी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी.
उन्होंने बताया कि मृतक के परिजन मनाली पहुंच चुके हैं और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया नियमानुसार की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. फिलहाल अस्पताल और साथ आये लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
वीर सोरेन के निधन पर सीएम हेमंत सोरेन समेत बीजेपी के कई नेताओं ने दुख जताया है.
