रांचीः झारखंड के प्रखंडों में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में छह जनवरी से स्वास्थ्य मेला का आयोजन होगा.
इन मेले में सरकारी स्तर पर लोगों के स्वास्थ्य की जांच और इलाज की मुफ्त व्यवस्था की जाएगी. यह मेला 10 जनवरी तक चलेगी.
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के साथ मेले की तैयारियों की समीक्षा की.
अभियान निदेशक ने बताया है कि मेले के दौरान टीबी, मलेरिया, परिवार नियोजन सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी भी दी जाएगी. साथ ही लोगों की मुफ्त जांच और दवा का वितरण किया जाएगा. मेले में आयुष्मान कार्ड और आभा कार्ड बनाए जाएंगे और पात्र लाभुकों के बीच वितरित किए जाएंगे. आयुष पद्धति से जुड़ी जानकारी भी लोगों को दी जाएगी.
उन्होंने कहा कि मेले में बीपी और शुगर के साथ आंखों की जांच के लिए चिकित्साकर्मी मौजूद रहेंगे. जरूरतमंदों को चश्मा भी दिए जाएंगे. इनके अलावा सभी कैंप में सिकल सेल स्क्रीनिंग और ब्लड डोनेशन कैंप भी लगाए जाएंगे. स्वास्थ्य केंद्रों की उचित ब्रांडिंग करने और विभिन्न सूचना, शिक्षा और संचार सामग्री को प्रदर्शित करने का निर्देश भी दिया गया.
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान राज्य टीबी पदाधिकारी डॉ. कमलेश ने जिलों के साथ टीबी कार्यक्रम की समीक्षा की. वहीं नोडल आईसी ऑफिसर डॉ लाल माझी ने प्रखण्ड स्वास्थ्य मेला की पूरी रूपरेखा की जानकारी दी.
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सभी जिलों के सिविल सर्जन, एसीएमओ, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, डीपीसी, ब्लॉक स्तर के मेडिकल ऑफिसर सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए. राज्य स्तर से आईसी और डाटा सेल के परामर्शी भी बैठक में मौजूद रहे.
