रांचीः झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने सोमवार को झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा, 2023 (सीजीएल) का परिणाम जारी कर दिया है. जारी रिजल्ट में अलग-अलग पदों के लिए 1932 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है.
झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा तीन दिसंबर को पारित आदेश के आलोक में यह कर्मचारी चयन आयोग ने परिणाम जारी किया है.
कोर्ट ने सीजीएल परीक्षा में कथित पेपर लीक को लेकर सीबीआइ जांच की मांग वाली याचिका को निष्पादित करते हुए आयोग को शीघर परिणाम जारी करने का आदेश दिया था.
इस आलोक में आयोग ने रिक्त पदों के विरुद्ध अभ्यर्थियों का पदवार, कोटिवार एवं अनुक्रमांकवार परिणाम जारी किया. इसमें कुल 1,932 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए हैं.
इनमें सहायक प्रशाखा पदाधिकारी के 847, कनीय सचिवालय सहायक के 293, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी के 170, प्लानिंग असिस्टेंट के चार, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी के 191, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के 249 तथा अंचल निरीक्षक सह कानूनगो के 178 अभ्यर्थी सम्मिलित हैं.
आयोग ने यह भी उल्लेख किया है कि हाईकोर्ट के आदेश के धारा 153 (IV) के अनुसार SIT की अंतिम जाँच रिपोर्ट आने तक 10 उम्मीदवारों का परिणाम रोक दिया गया है. इन अभ्यर्थियों के रोल नंबर सूची में शामिल नहीं किए गए हैं और भविष्य में SIT जांच रिपोर्ट के आधार पर निर्णय लिया जाएगा.
