खूंटीः उत्तर प्रदेश के कानपुर में “आई लव मोहम्मद” को लेकर उपजे विवाद और मुस्लिम युवकों के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में खूंटी में रविवार को जुलूस निकाला गया.
अंजुमन इस्लामिया खूंटी और जन्नत नगर पंचायत के द्वारा निकाले इस जुलूस में बड़ी संख्या में लोग हाथों में “आई लव मोहम्मद” की तख्तियां थामे चल रहे थे.
जुलूस अंजुमन बिल्डिंग, आजाद रोड, खूंटी से शुरू होकर जन्नत नगर, लियाकत अली लाइन, शिवाजी चौक, नेताजी चौक, मेन रोड, भगत सिंह चौक होते हुए वापस आजाद रोड पहुंचा और जन्नत नगर में सभा की गई.
जुलूस का नेतृत्व अंजुमन इस्लामिया के अध्यक्ष मो शमशाद अंसारी और सचिव मो खालिद हुसैन कर रहे थे.
जुलूस में जामा मस्जिद के इमाम मोहिबुल्ला नदवी, मदीना मस्जिद जन्नत नगर के इमाम मोहम्मद अयाज अहमद खान और मस्जिद ए जोहरा के इमाम हाफिज साजिद मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए.
अध्यक्ष शमसाद हुसैन और सचिव खालिद हुसैन ने बताया कि जुलूस पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा. उन्होंने कहा कि यह जुलूस कानपुर में बैनर लगाने पर दर्ज एफआईआऱ के विरोध और मुस्लिम समुदाय की धार्मिक स्वतंत्रता के हनन के खिलाफ था. देशभर में इसी तरह के शांतिपूर्ण प्रदर्शन, धरना और जुलूस जारी हैं, जो मुस्लिम समाज के अधिकारों और धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए हैं.
