रांचीः शराब घोटाले में गिरफ्तार वरिष्ठ अधिकारी विनय कुमार चौबे का ब्लड प्रेशर बढ़ने के बाद रिम्स में भर्ती कराया गया है. वे किडनी तथा बीपी की समस्या से पहले से जूझ रहे हैं. फिलहाल वे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में बंद हैं.
मंगलवार को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने उन्हें शराब घोटाले में गिरफ्तार किया था. 38 करोड़ से अधिक के घोटाले में चौबे के अलावा बीबरेजेज कॉरपोरेशन के दो और अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है.
गुरुवार की शाम विनय कुमार चौबे का ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ गया. बेहतर इलाज के लिए उन्हें रिम्स के सेंट्रल इमरजेंसी लाया गया, जहां उनकी जांच की गई और सैंपल लिए गए. इसके बाद मेडिसीन विभाग के डॉ ऋषि तुहीन गुड़िया की देखरेख में पेइंग वार्ड में भर्ती किया गया.
इससे पहले अदालत में आईएएस विनय चौबे की ओर से दायर आवेदन पर सुनवाई हुई थी, जिसके बाद जेल अधीक्षक को इलाज कराने का निर्देश दिया गया था.
