रांचीः झारखंड में शराब घोटाला केस में गोवा के कैलेंगुएट थाना क्षेत्र से आठ जनवरी को गिरफ्तार छत्तीसगढ़ का शराब कारोबारी नवीन केडिया जमानत अवधि समाप्त होने के बाद से फरार है.
उसकी तलाश में झारखंड एसीबी की टीम शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के दुर्ग में छापेमारी कर रही है.
एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने छत्तीसगढ़ पुलिस के सहयोग से दुर्ग के नेहरू नगर स्थित नवीन केडिया के आवास और कुम्हारी स्थित उसकी शराब फैक्ट्री में छापामारी की, लेकिन उसका पता नहीं चला.
नवीन केडिया देसी शराब निर्माता कंपनी छत्तीसगढ़ डिस्टिलरी का संचालक है. शराब घोटाला में एसीबी ने उसे गोवा के कैलेंगुएट थाना क्षेत्र स्थित एक स्पा सेंटर में मसाज कराते वक्त पकड़ा था.
नौ जनवरी को एसीबी ने उसे ट्रांजिट रिमांड के लिए गोवा के मर्सेस तिसवाड़ी कोर्ट में उपस्थित किया था. वहां कोर्ट ने उसे 12 जनवरी तक के लिए कुछ नियम और शर्तों के साथ जमानत दी थी.
जमानत अवधि समाप्त होते ही उसे एसीबी रांची में अनुसंधान पदाधिकारी के सामने उपस्थित होना था.
हालांकि एसीबी में उपस्थित होने के बजाय उसने इसी अवधि में एसीबी रांची स्थित विशेष अदालत में नियमित जमानत के लिए अपने अधिवक्ता के माध्यम से अर्जी दी है.
शराब घोटाले को लेकर एसीबी ने 20 मई 2025 को दर्ज कांड संख्या 09/2025 दर्ज किया है. इसी केस में उसे गिरफ्तार किया गया था.
नवीन केडिया मूल रूप से छत्तीसगढ़ जिले के दुर्ग जिले के ईस्ट भिलाई स्थित 41/2-3 मोतीलाल नेहरू नगर का निवासी है.
गोवा की अदालत ने उसे नौ जनवरी से 12 जनवरी के लिए जिन शर्तों पर जमानत दी थी,
उसके अनुसार उसे पांच लाख रुपये का बेल बांड भरना था. नवीन केडिया को बिना अनुमति भारत नहीं छोड़ना है. जमानत की अवधि खत्म होने के बाद उसे एसीबी रांची थाना कांड संख्या 09/2025 के अनुसंधानकर्ता के सामने आत्मसमर्पण करना था, लेकिन वह फरार हो गया.
