रांचीः राज्य में मुख्य सूचना आयुक्त, सूचना आयुक्त और लोकायुक्त की नियुक्ति को लेकर बुधवार को अलग अलग बैठकें हुई.
मुख्य सूचना आयुक्त के एक पद एवं सूचना आयुक्त के छह पदों पर नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में उनके आवासीय कार्यालय में बैठक हुई.
इस बैठक में प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी और मंत्री हफीजुल हसन शामिल हुए.
जानकारी के मुताबिक इस बैठक में मुख्य सूचना आयुक्त के लिए आए 71 एवं सूचना आयुक्त पद के लिए आए 455 आवेदनों पर विचार किया गया.
बाबूलाल मरांडी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि साढ़े चार सौ से अधिक आवेदनों पर विचार किया गया.
अब राज्य सरकार को फैसला लेना है. उम्मीद है कि राज्य सरकार जल्द फैसला लेगी.
उधर मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में लोकायुक्त की नियुक्ति के लिए बैठक हुई. इसमें मुख्यमंत्री के अलावा झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक और प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी शामिल हुए.
इस बैठक में तीन नामों पर मुख्य रूप से विचार किया गया. इनमें जस्टिस एसएन पाठक, जस्टिस त्रिलोचन सिंह और जस्टिस भेंगरा शामिल हैं.
हालांकि किसे लोकायुक्त बनाने पर सहमति बनी है, इसे अभी गोपनीय रखा गया है.
