धनबाद जिले के तोपचांची के दो प्रवासी मजदूरों की छत्तीसगढ़ में ट्रेन से कटकर मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा है. यह हादसा मंगलवार की सुबहछत्तीसगढ़ के बालोद जिले में दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के कुसुमकसा के पास हुआ है. इस हादसे में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं.
तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उनका इलाज जारी है. अन्य पांच मजदूरों के लापता होने की खबर के बाद उनके परिजनों में अलग बेचैनी है.
मृतकों में तोपचांची थाना क्षेत्र की नेरो पंचायत के लक्ष्मणपुर गांव निवासी कृष्णा राय व डीलू राय शामिल हैं. अजय राय तथा विकास हेम्ब्रम बुरी तरह घायल हो गये.
मृतक कृष्णा राय और डीलू राय के परिजन एवं ग्रामीण मंगलवार को तोपचांची थाना पहुंचे. परिजनों ने कंपनी के मालिक, सुपरवाइजर व ठेकेदार के खिलाफ मारपीट कर हत्या करने तथा अन्य 5 मजदूरों को गायब करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को तोपचांची थाने में शिकायत की है. तोपचांची पुलिस छत्तीसगढ़ पुलिस से जानकारी हासिल करने में जुटी है.
परिजनों ने बताया कि लक्ष्मणपुर से 10 तथा अन्य गांव के 2 युवक मजदूरी करने 10 मई को छत्तीसगढ़ के दल्ली राजहरा गये थे.
पुलिस को दिये आवेदन में कहा गया है कि लक्ष्मणपुर से 10 मई को कृष्णा राय, डीलू राय, अजय राय, विकास हेम्ब्रम, सूरज हेम्ब्रम, सामू हेम्ब्रम, सूरज राय, बाबूलाल राय, महेंद्र राय, संतोष मरांडी तथा बोकारो जिले के सुरही गांव के मदन सिंह के पुत्र कमल सिंह तथा महुदा निवासी मोहम्मद शाकिब को ठेकेदार हर्षित सिंह मजदूरी करवाने छत्तीसगढ़ की डायनासोर नामक कंपनी ले गया था.
जानकारी के मुताबिक मजदूरी कम दिए जाने का विरोध करने पर ठेकेदार के लोगों ने सोमवार को मजदूरों के साथ मारपीट की. भय से सभी मजदूर देर रात में दल्लीराजहरा से कुसुमकसा की तरफ जा रहे थे.
खबरों के मुताबिक अपने सामान के साथ सभी लोग पटरी के सहारे पैदल चल रहे थे. इस बीच थकान की वजह से चार मजदूर रेलवे ट्रैक पर बैठ गए.
इस दौरान युवकों को नींद आ गई और वे लोग वहीं ट्रैक पर ही सो गए. जबकि इनके 7 साथी आगे निकल चुके थे. इस बीच अचानक एक तेज रफ्तार ट्रेन आ गई. एक मजदूर ने ट्रेन आते देख बाकी साथियों को जगाने की कोशिश की लेकिन दो मजदूर समय रहते उठ नहीं पाए और ट्रेन उनके उपर से गुजर गई.
वहीं दो मजदूर जान बचाने भाग रहे थे लेकिन वे भी ट्रेन की अपनी चपेट में आ गए. दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. लाश कई टुकड़ों में कटा हुआ था. जबकि दो युवक काफी गंभीर हालत में थे.
