रांचीः भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में मंगलवार को पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक और केंद्रीय पंचायती राज मंत्री ललन सिंह से मुलाकात कर झारखंड की समस्याओं को रखा.
केंद्रीय पंचायती राज मंत्री मंत्री ललन सिंह से मुलाकात के दौरान झारखंड की पंचायती राज मंत्री दीपिका सिंह पांडे भी उपस्थित रहीं. इन मुलाकातों के बाद बाबूलाल मरांडी की तरफ से पार्टी ने बयान जारी करते हुए बताया है कि पिछड़ा वर्ग के छात्रों की छात्रवृत्ति की राशि बकाया होने के पीछे राज्य सरकार द्वारा उचित समय पर केंद्र को सूचित नहीं करना है.
उन्होंने कहा कि पंचायती राज विभाग में केंद्र सरकार ने वर्ष 2024-25 की प्रथम किस्त की राशि झारखंड को भेज दिया है लेकिन राज्य सरकार उसका उपयोगिता प्रमाण पत्र अभी तक नहीं भेजा है. राज्य सरकार का वित्तीय कुप्रबंधन का परिणाम है कि हेमंत सरकार राज्यांश को नहीं दे रही. यही स्थिति रही तो मार्च 26 में केंद्र की राशि स्वतः वापस हो जाएगी.
मरांडी ने आरोप लगाया है कि हेमंत सरकार की लापरवाही, अक्षमता और वित्तीय कुप्रबंधन के कारण राज्य की जनता प्रताड़ित हो रही है.
प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, कार्यकारी अध्यक्ष तथा सांसद आदित्य साहू,पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद दीपक प्रकाश शामिल हुए.
