हजारीबागः झारखंड में हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में मंगला जुलूस देखने गई 12 साल की एक बच्ची की दरिंदगी के साथ हुई हत्या की घटना और अब तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने के मामले में सोमवार को वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की.
पीड़ित परिवार को उन्होंने अपने विवेकाधीन कोष से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी है. और अब तक पुलिस की कार्रवाई के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली.
पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने अपराधियों में कानून का भय पैदा करने के लिए, ‘स्पीडी ट्रायल’ के जरिए जल्द से जल्द न्याय दिलाने का भरोसा दिया. उन्होंने कहा है कि दो दिनों में आरोपी पकड़े जाएंगे.
उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी और पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली. मंत्री ने अधिकारियों से पूछा कि इस संवेदनशील घटना के बावजूद अब तक पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद क्यों नहीं पहुंचाई गई?
मंत्री के विष्णुगढ़ से जाने के कुछ देर बाद जिले के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया.
