रांचीः भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को बीजेपी और घटक दलों के नेताओं की बैठक हुई. इस बैठक में घाटशिला उपचुनाव को लेकर चर्चा की गई. साथ ही एक साथ चलने की सहमति भी. बीजेपी ही घाटशिला में चुनाव लड़ेगी. हालांकि अभी आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा नहीं की गई है.
बैठक के बाद संयुक्त प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि घाटशिला उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित है. विधानसभा क्षेत्र की जनता हेमंत सरकार की वादा खिलाफी से तंग आ चुकी है. पिछले 6 वर्षों में राज्य का विकास ठप हुआ है. कानून व्यवस्था की स्थिति ठीक नही है. करप्शन बढ़े हैं. एनडीए राज्य सरकार के खिलाफ इन मुद्दों के साथ जनता के बीच जाएगी. एनडीए के लिए राज्य सरकार की हर मोर्चे पर नाकामी ही सबसे बड़ा मुद्दा है.
आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा कि एनडीए पूरी तरह से एकजुट होकर घाटशिला उपचुनाव में अपनी ताकत लगाएगा. जदयू के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद खीरू महतो ने कहा कि एनडीए के घटक दलों ने बैठक में जो निर्णय लिया है उसे परिणाम में बदलेंगे. घाटशिला उपचुनाव में एनडीए की जीत सुनिश्चित है.
बैठक में भाजपा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू, लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान सहित विधायक जनार्दन पासवान, उमेश तिवारी शामिल थे.
