देवघर: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि झारखंड में एसआईआर हो रहा है. और यह राज्य के लिए बहुत जरूरी है.
उन्होंने कहा कि एसआइआर का विरोध करने वालों को सिर्फ अपने वोट बैंक से मतलब है. शुक्रवार को देवघर और दुमका दौरे पर आए रघुवर दास ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर और बासुकीनाथ में पूजा अर्चना की.
इसके साथ ही कई कार्यकर्ताओं के घर गए. साथ ही दुमका के कोल्हडिया में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन सह जन चौपाल में शामिल हुए.
सोनारायठाड़ी प्रखंड के कुलहरिया गांव में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ उन्होंने बैठक की. स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद पूर्व सीएम रघुवर दास ने मीडिया से कई प्रमुख मुद्दों पर बातचीत की.
रामनवमी में डीजे बैन के सवाल पर राजनीतिक रार पर उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि जो सदन में रहकर हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ अनर्गल बयान देते हैं वो अपनी राजनीति करने के लिए रामनवमी जैसे महापर्व में ऐसे तुगलकी फरमान देते हैं.
दुमका के कोल्हडिया में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन सह जन चौपाल में शामिल भाजपा नेता ने हेमंत सरकार को निशाने पर लिये रखा. उन्होंने कहा, पिछले छह साल में जेएमएम-कांग्रेस सरकार ने झारखंड का हाल बेहाल कर दिया है. संथाल परगना की हालत और बदतर कर दी है. आदिवासी बच्चियां सबसे ज्यादा प्रताड़ित हैं. सरकार के संरक्षण में आदिवासी संस्कृति और परंपरा को समाप्त करने की साजिश चल रही है. इसके खिलाफ सभी को जागरुक करने की जरूरत है.
देवघर औ दुमका दौरे के दौरान बीजेपी के नेताओं, कार्यकर्ताओं ने रघुवर दास का गर्मजोशी से स्वागत किया.
