रामगढ़ः झारखंड के रामगढ़ जिले में गोला थाना क्षेत्र के तहत परसाडीह जंगल के पास एक खेत को पार करते समय एक हाथी और उसका बच्चा 20 फुट गहरे कुएं में गिर गए. दो घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग ने दोनों हाथी को सुरक्षित बचा लिया है.
वन विभाग के एक अधिकारी कि वन विभाग ने दो घंटे के अभियान के बाद दोनों को सुरक्षित बचा लिया गया.
हेसापोड़ा गांव के पास परसाडीह जंगली क्षेत्र में एक ग्रामीण के कच्चे कुएं में हाथी और उसके बच्चे के गिर जाने की खबर ग्रामीणों ने वन विभाग को दी थी.
रामगढ़ के डीएफओ नीतीश कुमार ने बताया, ‘दोनों (हाथी और बच्चे) को सुरक्षित बचा लिया गया और वे जंगल की ओर चले गए. ऐसा प्रतीत होता है कि हाथी व बच्चा एक दिन पहले कुएं में गिर गए थे. ग्रामीणों ने गुरुवार की सुबह सुबह वन विभाग को सूचित किया और बचाव दल को तुरंत मौके पर भेजा गया.’
उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह से इस क्षेत्र में 42 हाथियों का झुंड होने की सूचना मिली थी.
वन अधिकारी नीतीश कुमार ने कहा, ‘झुंड बोकारो वन क्षेत्र की ओर बढ़ गया है. हमें अंदेशा है कि हाथी और उसका बच्चा झुंड का हिस्सा थे, और बोकारो जाते समय वे कुएं में गिर गए.’
उन्होंने कहा कि वन विभाग के कर्मियों से कहा गया है कि वे इसका प्रयास करेंगे कि बचाए गए हाथी बोकारो में झुंड से मिल सकें.
ग्रामीणों के अनुसार, कुआं खुले (क्षेत्र) में है और उसके चारों ओर कोई सुरक्षा घेरा नहीं है.
उन्होंने कहा, झाड़ियों से घिरा होने के कारण कुआं आसानी से दिखाई नहीं देता.
