कोडरमाः झारखंड में कोडरमा जिले के चंदवारा थाना में पदस्थापित दारोगा पवन कुमार राम को एंटी करप्शन ब्यूरो ने 15 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया है.
यह कार्रवाई हजारीबाग एसीबी की टीम ने की है.
उधर गुमला जिले के विशुनपुर प्रखंड में एसीबी रांची की टीम ने पंचायत सचिव किरण कुसुम खलखो को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
जानकारी के अनुसार, चंदवारा थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले अवैध शराब को लेकर छापेमारी की गई थी. इस मामले को मैनेज करने और आरोपी पक्ष को राहत देने के नाम पर पुलिस ने एक लाख रुपये की मांग की थी.
इस मामले की जानकारी पीड़ित पक्ष ने जेएलकेएम के नेता प्रेम नायक को दी. इसके बाद प्रेम नायक की शिकायत हजारीबाग स्थित एसीबी कार्यालय में की.
एसीबी की टीम ने मामले की प्रारंभिक जांच की और शिकायत के सही पाये जाने के बाद गुरुवार को दारोगा को गिरफ्तार किया गया.
एसीबी की टीम के निर्देश के अनुसार गुरुवार को दारोगा को 15 हजार रुपये रिश्वत देने की व्यवस्था की गई. दारोगा थाना परिसर में बने अपने सरकारी क्वार्टर में ही रिश्वत ले रहा था.
एसीबी की टीम दारोगा पवन कुमार राम को अपने साथ हजारीबाग ले गई. वहां उससे पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
गुमला में पंचायत सचिव गिरफ्तार
उधर गुमला जिले के विशुनपुर में एसीबी रांची की टीम ने पंचायत सचिव किरण कुसुम खलखो को आठ हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया. कुएं की मरम्मत के भुगतान के बदले उन्होंने घूस मांगी थी.
एसीबी की टीम ने यह कार्रवाई विशुनपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में की है.
जानकारी के अनुसार, विशुनपुर थाना क्षेत्र स्थित चट्टी सेरका पंचायत के निवासी परमेश्वर सिंह ने एसीबी रांची को लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज करायी थी.
उन्होंने बताया कि ग्राम सभा की बैठक में उनकी जमीन पर मौजूद कुएं के जीर्णोद्धार के लिए उनका नाम तय हुआ था. इसी उन्होंने मरम्मत का काम पूरा कर लिया.
काम खत्म होने के बाद जब वे भुगतान के लिए पंचायत सचिव के पास पहुंचे तो उनसे कहा गया कि शेष राशि निकालने और बिल को स्वीकृति दिलाने के बदले 8 हजार रुपये देने होंगे.
