रांची: झारखंड पुलिस के तेज तर्रार आईपीएस अधिकारी अनूप बिरथरे समेत 12 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को पुलिस पदक का सम्मान मिला है. गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को मिलने वाले पदकों की घोषणा कर दी है
अनूप बिरथरे के अलावा आईपीएस पटेल मयूर कन्हैया लाल को भी पुलिस पदक मिला है. जबकि झारखंड पुलिस के डीएसपी सुधीर कुमार को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से नवाजा गया है.
हर वर्ष 25 जनवरी को केंद्रीय गृह मंत्रालय के द्वारा भारत के वीर सपूतों को उनके अदम्य साहस के लिए पदकों से नवाजा जाता है.
इसी के तहत झारखंड के दो आईपीएस अधिकारियों सहित कुल 12 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को पुलिस पदक से सम्मानित करने की घोषणा की है.
झारखंड पुलिस महकमा में तेज-तर्रार अधिकारी अनूप बिरथरे अभी एसटीएफ में आईजी के तौर पर पदस्थापित हैं.
दो आईपीएस, एक डीएसपी के अलावा हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार छेत्री, अरुण कुमार ओझा, मार्क्स सनुवार, कांस्टेबल जयदेव प्रधान, जीनेट मार्गरेट लकड़ा, कुमुदिनी कुजूर, सुफल ओड़िआ, मोहम्मद वसीम अख्तर को सराहनीय कार्य के लिए पुलिस पदक का सम्मान दिया गया है.
