रांचीः झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर शहरी निकाय चुनाव में पार्टी समर्थित उम्मीदवारों के खिलाफ मैदान में डटे अब तक 12 उम्मीदवारों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
इस कार्रवाई से गुस्साए कई उम्मीदवारों ने पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और मैदान नहीं छोड़ने का एलान किया है. इससे कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों के माथे पर बल पड़े हैं.
गुरुवार तक कांग्रेस के एक दर्जन बागी उम्मीदवारों को संबंधित जिलों के पदाधिकारियों ने निलंबित कर दिया है. इसके पूर्व इन सभी को कारण बताओ नोटिस दिया गया था.
गिरिडीह से दो बागी उम्मीदवार पंकज सागर और जुगेश्वर महथा, बोकारो स्थित चास नगर निगम के बागी उम्मीदवार सुल्तान अहमद तथा मानगो नगर निगम (पू.सिंहभूम) की उम्मीदवार जेबा खान को निलंबित किया गया है. जेबा खान ने इस कार्रवाई के बाद प्रचार और तेज किया है. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के दबाव में यह कार्रवाई की गई है. कांग्रेस ने बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता को मानगो मेयर पद के लिए समर्थन दिया है.
वहीं, मिहिजाम नगर परिषद (जामताड़ा) की बेबी पासवान, चतरा नगर परिषद से राजवीर, कपाली नगर परिषद (सरायकेला खरसावां) से मो. इरफान, गुमला नगर परिषद से ज्योति कुजूर एवं जास्मीन लुगून को भी पार्टी से निलंबित कर दिया गया है.
सिमडेगा नगर परिषद से पुष्पा कुल्लू, चक्रधरपुर नगर परिषद (प.सिंहभूम) के उम्मीदवार बिजय सम्ब्रूई और चाईबासा नगर परिषद (प.सिंहभूम) के मो. सलीम को पार्टी से निलंबित किया गया है. सिमडेगा की पुष्पा कुल्लू ने इस कार्रवाई को लेकर जिला अध्यक्ष और विधायक भूषण बाड़ा पर निशाना साधा है.
