रांची: झारखंड के 48 नगर निकायों के लिए सोमवार को सुबह सात बजे से मतदान हो रहा है. साम पांच बजे तक वोट डाले जाएंगे.
राज्य में कुल 48 नगर निकाय हैं, जिनमें 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत के लिए कुल 43 लाख 33 हजार 574 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.
पुरुष मतदाताओं की कुल संख्या 22 लाख 07 हजार 203 है जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 21 लाख 26 हजार 227 है, थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 144 है.
गौर दलीय आधार पर हो रहे इस चुनाव में मतदाता मेयर और पार्षद के लिए वोट करेंगे.
रांची, मानगो, मेदिनीनगर, गिरिडीह, चास, आदित्यपुर, हजारीबाग नगर निगम के मेयर पद के लिए हो रहे चुनाव पर पूरे राज्य की निगाहें टिकी हैं.
इस चुनाव में 1087 वार्डों के 4304 बूथों पर वोट कराया जा रहा है. चुनाव को देखते हुए सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है.
बड़े शहरों में वोट का प्रतिशत धीमा है, जबकि छोटे शहरों और कस्बाई इलाकों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतार देखी जा रही है.
सुबह नौ बजे तक रांची नगर निगम के 07.28% और बुंडू नगर पंचायत के लिए 11.74% वोट पडे हैं.
आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में सुबह नौ बजे तक सबसे अधिक 9.35% मतदान दर्ज किया गया. वहीं सरायकेला नगर पंचायत में 13.68 प्रतिशत वोट डाले गए हैं.
चास नगर निगम में सुबह 9 बजे तक 7.15 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि फुसरो नगर परिषद में 9.45% वोट डाले गए हैं. हालांकि अब कई शहरों में वोट की गति तेज हुई है.
कई नगर निगम में मेयर पद के लिए हो रहे चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मदवार और सत्तारूढ़ झामुमो- कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार के बीच आमने- सामने की लड़ाई होती दिख रही है.
सुबह 11 बजे तक धनबाद नगर निगम के लिए 14.79 प्रतिशत और आदित्यपुर नगर निगम के लिए 21.80 प्रतिशत वोट डाले गए हैं.
