रांचीः झारखंड में नगर निकाय चुनाव एक चरण में और बैलेट पेपर के माध्यम से होंगे.
निर्वाचन आयोग राज्य के 48 नगर निकायों में चुनाव के लिए इसी महीने चुनाव की तारीख की घोषणा कर सकता है.
इस बीच राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने झारखंड में नगर निकाय चुनाव कराने के राज्य निर्वाचन आयोग के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है.
आयोग ने नगर विकास विभाग के माध्यम से नौ जनवरी को हुई कैबिनेट की बैठक में ही निकाय चुनाव कराने के लिए तिथि निर्धारित करने का प्रस्ताव भेजा था, जिसपर कैबिनेट ने स्वीकृति देते हुए राज्यपाल के अनुमोदन के लिए भेजा था.
नगर विकास विभाग ने राज्य निर्वाचन आयोग को सरकार की मंशा से अवगत करा दिया है कि फरवरी में ही चुनाव संपन्न कराया जा सकता है.
संकेत मिल रहे हैं किराज्य निर्वाचन आयोग इसी माह 27 जनवरी को नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी कर सकता है. मैट्रिक और इंटर की परीक्षाओं की तिथि को भी ध्यान में रखा जा रहा है.
