रांचीः झारखंड में 48 शहरी निकायों के लिए होने वाले चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. रविवार को पोलिंग पार्टियों को सभी तैयारियों और आवश्यक निर्देश के साथ मतदान केंद्रों में भेजा गया.
सोमवार की सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा. चुनाव बैलट पेपर से होगा. मतदाताओं को दो अलग-अलग रंग के बैलेट पेपर पर मिलेंगे. गुलाबी बैलेट पेपर मेयर या अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के लिए होगा, जबकि सफेद बैलेट पेपर पार्षद प्रत्याशियों के लिए है.
राज्य के नौ नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायतों में चुनाव हो रहा है. मेयर और अध्यक्ष के 48 पदों तथा वार्ड पार्षदों के 1042 पदों के लिए वोट डाले जा रहे हैं. वहीं, 41 वार्ड पार्षद निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि तीन वार्डों में किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया.
निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. जिला मुख्यालयों में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं.
शहरी मतदाताओं की कुल संख्या 43 लाख 33 हजार 574 है. इनमें 22 लाख 7 हजार 203 पुरुष और 21 लाख 26 लाख 227 महिला और 144 ट्रांसजेटर मतदाता शामिल हैं.
कुल 1087 वार्डों में मतदान कराया जायेगा. इसके लिए 4304 मतदान केंद्र बनाये गये हैं, जो 2129 भवनों में स्थापित किये गये हैं. निकाय चुनाव में इस बार महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय है. पार्षद पद के लिए 2148 महिला प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि मेयर और अध्यक्ष पद के लिए 188 महिलाएं चुनावी मैदान में डटी हैं.
