चतराः कुख्यात अपराधी उत्तम यादव को चतरा और हजारीबाग की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई के तहत एक मुठभेड़ में मार गिराया है. यह मुठभेड़ चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के बगरा- जबड़ा इलाके में हुई है.
पुलिस को जानकारी मिली थी कि उत्तम यादव इस इलाके में है. पुलिस ने उसकी घेराबंदी की. उसने पुलिस पर फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया. पुलिस ने उसके शव के कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेजा है.
बीते 22 जून को हजारीबाग शहर में श्री ज्वेलर्स दुकान पर सरेआम हुई फायरिंग की जिम्मेदारी उसने ली थी. इस बाबत उसने हथियार के साथ अपना एक वीडियो जारी किया था, जिसमें खुलेआम गोलीकांड की जिम्मेदारी लेते हुए लेवी (रंगदारी) न देने पर और भी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी.
इसके साथ ही वह कथित तौर पर टाइगर ग्रुप नामक अपराधिक गिरोह का संचालक था. काफी समय से पुलिस के लिए एक वांटेड अपराधी था.
उत्तम यादव के खिलाफ झारखंड और बिहार के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, फिरौती और फायरिंग जैसे दर्जनों मामले दर्ज थे.
