रांची। कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के राजू ने कहा है कि पार्टी में कई नेता-कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्लीपर सेल के रूप में काम कर रहे हैं। उन्हें चिह्नित करके उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। रविवार को दुमका में एक प्रेस कांफ्रेस में यह बात कहते हुए के राजू ने झारखंड की सियासत में एक बहस छेड़ दी है। साथ ही काग्रेस की कार्य संस्कृति से पर्दा उठाने की कोशिश की है।
हाल ही में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा था कि गुजरात कांग्रेस में कई नेता ऐसे हैं, जो भाजपा से मिले हुए हैं। उनके कारण पार्टी काम नहीं कर पा रही है।
इस बीच झारखंड में कांग्रेस के प्रभारी के राजू ने दुमका परिसदन में मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने प्रदेश के 24 में से 18 जिलों की सांगठनिक बैठक और समीक्षा कर ली है। कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया है। कई जगहों पर ऐसी बातें सुनने में आयी हैं। कार्यकर्ताओं का फीडबैक मिला है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति झारखंड से बाहर भी है। इस पर कांग्रेस आलाकमान गंभीर है.
के राजू ने भाजपा पर साधा निशाना
कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि इन शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। पहले शिकायतों को सत्यापित किया जायेगा। फिर उन्हें शो-कॉज किया जायेगा। जवाब मिलने के बाद अगर पार्टी संतुष्ट नहीं हुई, तो उन पर कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा, कांग्रेस मुक्त भारत की बात कहती है। इसलिए पार्टी को सतर्क रहना है।
के राजू ने कहा कि झारखंड में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए वह पूरे राज्य का दौरा कर रहे हैं। अपने कार्यकर्ताओं से मुलाकात करके उन्हें साफ शब्दों में कह रहे हैं कि वे जनता से जुड़ें, क्योंकि राजनीतिक दल के कार्यकर्ता और सत्तारूढ़ गंठबंधन का घटक होने की वजह से पार्टी का दायित्व और बढ़ जाता है। सरकार में शामिल कांग्रेस के मंत्री, सत्तारूढ़ गंठबंधन के विधायकों तक जनता के दुख-दर्द और क्षेत्र की समस्याओं को पहुंचायें, क्योंकि कांग्रेस या दूसरे घटक दल के विधायकों को वोट दिलाने-जिताने में इन्हीं कार्यकर्ताओं ने भूमिका निभायी है।