रांचीः सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कहा है कि भाजपा झूठ बोलती है और भ्रम भी फैलाती है.
बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता के एक बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा है कि सुरक्षा उपकरणों की खरीद को लेकर राज्य सरकार पर निराधार आरोप लगाए जा रहे हैं. और साजिश का हिस्सा है.
विनोद पांडेय ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार पारदर्शिता और सुशासन के प्रति प्रतिबद्ध है. सुरक्षा उपकरणों की खरीद से जुड़ा मामला प्रारंभ से ही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार देखा जा रहा है. शिकायत आने के बाद सरकार ने न केवल संज्ञान लिया बल्कि जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की समिति गठित की है. समिति की कार्यवाही नियमों के तहत चल रही है, और निष्पक्ष रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.
विनोद पांडेय ने स्पष्ट कहा कि भाजपा को यह समझ लेना चाहिए कि झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे सख़्त रुख हेमंत सोरेन सरकार ने अपनाया है. उन्होंने कहा कि भाजपा को सलाह है कि वह झूठे बयान देने के बजाय तथ्यों का सम्मान करे और संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा रखे.
