पाकुड़ः लिट्टीपाड़ा से सत्तारूढ़ झामुमो विधायक हेमलाल मुर्मू ने चेतावनी दी है कि अगर रेलवे ने यात्रियों की मांगें नहीं मानी, तो 24 जनवरी से अमड़ापाड़ा खदान से कोयले की ढुलाई पूरी तरह से बंद कर दी जाएगी.
जेएमएम विधायक ने कहा कि अभी आम जनता और व्यवसायियों ने रेल मार्ग से सिर्फ पत्थर ढुलाई बाधित किया है. पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में रेल सुविधाओं की लगातार अनदेखी से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. रेलवे की उदासीनता के कारण यहां की जनता, व्यापारी और पत्थर उद्योग लगातार आंदोलन कर रहा है.
साहिबगंज–पाकुड़ में यात्रियों की मांग और रेलवे की अनदेखी पर मंगलवार को झामुमो जिला समिति की बैठक में वरिष्ठ विधायक स्टीफन मरांडी समेत कई नेता शामिल हुए.
मुर्मू ने कहा कि रेलवे की परामर्शदात्रि समिति की बैठक में जीएम को समस्याओं से अवगत कराया और लिखित भी दिया गया, लेकिन इसका कोई निदान नहीं निकाला गया है.
हेमलाल मुर्मू ने कहा कि पाकुड़ और साहिबगंज जिले से रेलवे को भारी मात्रा में राजस्व प्राप्त होता है. पत्थर, कोयला और अन्य खनिजों की ढुलाई से रेलवे को करोड़ों रुपये की आमदनी होती है, इसके बावजूद यहां के रेल यात्रियों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है.
