हरियाणा के भिवाड़ी में निर्माणाधीन साइट पर मिट्टी धंसने से झारखंड के छह मजदूरों की मौत के मामले में झामुमो के पोटका से विधायक संजीव सरदार और इचागढ़ की विधायक सविता महतो ने राज्य के श्रम और उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव से मिलकर मजदूरों के शव वापस लाने और मुआवजे की मांग रखी.
इस मौके पर राजद के विधायक सुरेश पासवान और संजय यादव भी मौजूद थे.
ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने श्रम मंत्री से हादसे के लिए जिम्मेदार निर्माण कंपनी सिग्नेचर ग्लोबल और संबंधित एजेंसियों से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को भी आगे बढ़कर शोकाकुल परिवारों के लिए विशेष आर्थिक सहायता और सरकारी लाभ सुनिश्चित करना चाहिए.
विधायकों ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले अधिकांश मजदूर बेहद गरीब परिवारों से थे और अपने घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे.
श्रम मंत्री संजय यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया है. मंत्री ने कहा है कि सरकार की प्राथमिकता सबसे पहले मृतकों के शवों को सम्मानजनक तरीके से रांची लाने की है. इसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें उनके पैतृक गांव बनगोड़ा, बुरुहातू और हुंडी पहुंचाया जायेगा. साथ ही मुआवजे की प्रक्रिया भी जल्द पूरी कराने का आश्वासन दिया गया है.
गौरतलब है कि सोमवार की रात हुए इस हादसे में झारखंड के छह और राजस्थान के एक मजदूर की मौत हुई है. जबकि चार लोग घायल हुए हैं.
झारखंड के जिन छह मजदूरों की मौत हुई है उनमें पोटका (जादूगोड़ा) के धनंजय महतो (55),भागीरथ गोप (52), संजीत गोप उर्फ दुलाल (32) मंगल महतो (30) और इचागढ़ के शिवशंकर सिंह मुंडा (30) तथा परमेश्वर महतो (50) शामिल हैं.
