रांची: झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने असम विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति तय करने में जुटा है. तेजपुर और तिनसुकिया में हेमंत सोरेन की आदिवासियों के बीच हुई बड़ी सभा के बाद पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़े, इसे लेकर समीकरण तौले जा रहे हैं. इस बीच पार्टी ने अपने बीस स्टार प्रचारकों की सूची चुनाव आयोग को भेज दी है.
इन स्टार प्रचारकों में हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन, झारखंड सरकार में मंत्री दीपक बिरुवा, चमरा लिण्डा, योगेंद्र प्रसाद, हफीजुल हसन के अलावा सांसद विजय हांसदा, जोबा मांझी, सरफराज अहमद, केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय मुख्य तौर पर शामिल हैं.
विनोद कुमार पांडेय ने बताया है कि विधायकों में भूषण तिर्की, जिगा सुशरण होरो, विकास मुंडा, एमटी राजा, आलोक सोरेन, डॉ. लुईस मरांडी के अलावा अभिषेक प्रसाद ‘पिंटू’और पंकज मिश्रा का नाम भी चुनाव आयोग को स्टार प्रचारक के तौर पर भेजे गए हैं.
पांडेय ने कहा है कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 77/(i) के अंतर्गत पार्टी के केंद्रीय स्तर के नेताओं को आसन्न असम विधानसभा आम चुनाव 2026 में चुनाव प्रचार के लिए स्टार प्रचारक के रूप में अनुमति प्रदान करने एवं उनके द्वारा उपयोग किये जाने वाले वाहन का पास निर्गत करने का आग्रह चुनाव आयोग से किया गया है.
