रांचीः झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा में अभ्यर्थियों के द्वारा उम्र सीमा में छूट देने की मांग और राजनीतिक प्रतिक्रियाओं के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नये कट ऑफ डेट की घोषणा सदन में की है.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा सत्र के दौरान उम्र सीमा को लेकर कट अफ डेट अगस्त 2026 से घटाकर अगस्त 2022 करने का ऐलान कर दिया है.
इस फैसले के बाद उन अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है, जो अब तक उम्र सीमा के कारण परीक्षा में शामिल होने से वंचित हो जा रहे थे.
इससे पहले सदन में सिविल सेवा परीक्षा 2025 में आयु सीमा में छूट को लेकर बुधवार को विधायक प्रदीप यादव ने सरकार का ध्यान खींचा था. तब संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने बताया था कि मुख्यमंत्री इस मामले में गंभीर हैं.
जेपीएससी ने 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा के लिए जो विज्ञापन जारी किया था, उसमें आवेदन के लिए उम्र सीमा गणना करने की कटऑफ डेट 1 अगस्त, 2026 था, जिससे कई अभ्यर्थी उम्र सीमा की वजह से परीक्षा में बैठने से वंचित हो रहे थे. जेपीएससी के इस कट ऑफ डेट का अभ्यर्थी लगातार विरोध कर रहे थे.
