नई दिल्ली के हयात रीजेंसी में आयोजित ‘ब्रिक्स सीसीआई वीई एनुअल वुमेन समिट एंड फेलिसिटेशन 2026’ के दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन को प्रतिष्ठित ‘वुमेन एम्पायरमेंट ट्रेलब्लेज़र्स अवार्ड’ से सम्मानित किया गया.
ब्रिक्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के महिला सशक्तिकरण वर्टिकल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उन्हें यह सम्मान महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए दिया गया.
इस मौके पर कल्पना सोरेन ने कहा यह पुरस्कार केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह झारखण्ड की हर मंईयाँ और देश-दुनिया की उन अनगिनत महिलाओं की है, जो अपने परिवार, समुदाय और अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहीं हैं.
कल्पना सोरेन ने कहा, “आज महिलाएं व्यापार, खेल, अंतरिक्ष, विज्ञान, नवाचार और शासन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में बाधाओं को पार कर मुकाम हासिल कर रहीं हैं. वे केवल राज्य और देश के विकास का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि वे इसे गति दे रहीं हैं.”

कल्पना सोरेन ने कहा कि विशेष रूप से हाशिए पर रहने वाले समुदायों की महिलाओं की आवाज को सुनने और उन्हें अवसरों तक पहुँचाने की आवश्यकता है. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य की महिलाओं को केवल लाभार्थी के रूप में नहीं, बल्कि उद्यमी और बदलाव की नायिका के रूप में देखा जा रहा है. उन्होंने स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमों के माध्यम से महिलाओं द्वारा बनाई जा रही आर्थिक स्थिरता और आत्मविश्वास की सराहना की.
सशक्तिकरण में निष्पक्षता
कल्पना सोरेन ने अपनी हालिया लंदन यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बताया कि ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय जैसे वैश्विक संस्थानों में पढ़ रही झारखण्ड की छात्राओं के जुनून और बाधाओं से जूझने के उनके दृढ़ संकल्प ने उन्हें भविष्य के प्रति अत्यधिक विश्वास और आशा से भर दिया है.
इस अवसर पर देश-विदेश की कई जानी-मानी हस्तियां, नीति-निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे, जिन्होंने महिला सशक्तिकरण के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए. कार्यक्रम में पूर्व विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी, केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा खडसे, एनआईसी के डीजी अभिषेक सिंह, पूर्व बीआरआईसीएस शेरपा संजय भट्टाचार्य, कोयला मंत्रालय के संयुक्त सचिव रुपिंदर बरार, अभिनेत्री शबाना आजमी, अभिनेत्री भूमि पेडनेकर, ब्रिक्स महिला बिजनेस एलाइंस दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रीय अध्यक्ष लेबोगैंग जुलु, शिक्षाविद अमिता चौहान सुमित कई गणमान्य मौजूद रहे.
