खूंटीः लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष बीजेपी के वरिष्ठ नेता पद्मभूषण कड़िया मुंडा को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद सुरक्षित वे खूंटी अपने घर पर लौट आए हैं.
पिछले दिनों तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रांची के आर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनके निजी सहायक डॉ निर्मल सिंह ने बताया है कि फिलहाल कड़िया मुंडा को ऑक्सीजन सपोर्ट और बीपैप (BIPAP) मशीन पर रखा गया है. अब उनके स्वास्थ्य की निगरानी जिले के सिविल सार्जन डॉ. नागेश्वर मांझी तथा केएस गंगा अस्पताल के डॉ. अंजीव नयन की टीम के द्वारा की जाएगी.
डॉ. निर्मल सिंह, जगन्नाथ मुंडा एवं चंद्रावित सारू ने ऑर्किड अस्पताल में इलाज के दौरान सदैव तत्पर रहने वाले पूर्व राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार तथा आर्य समाज के प्रधान राजेंद्र आर्या के प्रति ओभार प्रकट किया.
गौरतलब है कि सांस लेने में दिक्कत की वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. 88 साल के कड़िया मुंडा खूंटी से आठ बार के सांसद रहे हैं. सरल और सहज जीवन जीते कड़िया मुंडा को आदिवासियों के बीच और पार्टी में एक प्रभावी और निहायत साफ-सुथरी छवि वाले नेता के तौर पर देखा जाता है.
