खूंटीः खूंटी जिले के मुरहू में रामनवमी जुलूस के दौरान पथराव और झड़प के बाद पुलिस की कार्रवाई के विरोध में आहूत अनिश्चितकालीन खूंटी बंद का कई प्रखंडों में असर देखने को मिल रहा है.
रविवार को सर्व सनातन समाज की बैठक में पुलिस कार्रवाई के विरोध में खूंटी जिला अनिश्चितकालीन बंद का ऐलान किया गया है.
बैठक से पहले समाज के लोगों ने शहर में घूम-घूमकर दुकानों को बंद कराया. इसके बाद सैकड़ों की संख्या में लोग पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा के नेतृत्व में खूंटी थाना पहुंचे और डीएसपी वरुण रजक को अपनी मांगों से अवगत कराया.
प्रदर्शनकारियों ने गिरफ्तार लोगों की बिना शर्त रिहाई और पुलिस कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की है.
इधर रामनवमी महासमिति ने भी अनिश्चितकालीन बंद का आह्वान कर दिया है.
बंद का असर जिले के कई प्रखंडों में व्यापक रूप से देखा जा रहा है. खूंटी, मुरहू, तोरपा, तपकरा और रनिया में बंद प्रभावी है. जबकि कर्रा और अड़की में बंद का असर नहीं है.
मुरहू में लगातार तीसरे दिंन बंद जारी है. सोमवार की सुबह भी दुकानें नहीं खुलीं, सड़कों पर लोगों की आवाजाही नहीं है.
जगह- जगह मैजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बलों की तैनाती की गई है. साय़रन बजाती पुलिस की गाड़ियां सन्नाटा तोड़ती नजर आ रही हैं.
माइक के जिरए लोगों को निषेधाज्ञा लागू होने की जानकारी दी जा रही है
लगातार बंद के कारण मुरहू में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कमी होने लगी है. गुदड़ी में लगने वाला सब्जी बाजार भी नहीं
लगा। रोज कमाने-खाने वाले मजदूर, गरीब और मोटिया मजदूरों के के सामने जीविका का संकट खड़ा हो गया है.
